डीडीयू नगर। डीडीयू रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म और सर्कुलेटिंग एरिया में सफाई के महत्व को लेकर यात्रियों को जागरूक किया गया।
स्टेशन पर यात्रियों के उपयोग के लिए जगह-जगह डस्टबिन लगाए गए। यात्रियों, रेल कर्मचारियों और स्टाल संचालकों को बताया गया कि स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए कचरा केवल डस्टबिन में ही डालें। इधर-उधर कचरा फेंकने से न सिर्फ स्टेशन गंदा होता है, बल्कि संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ती है।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने यात्रियों के बीच जाकर उन्हें स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझाने का प्रयास किया। खाने-पीने की चीजों से निकलने वाले कचरे को उचित स्थान पर फेंकने के लिए डस्टबिन का प्रयोग करने की अपील की गई। यात्रियों ने भी श्रमदान कर इस अभियान में अपना योगदान दिया।
इस कार्यक्रम में स्टेशन अधीक्षक एस. के. सिंह, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (मुख्यालय) अभिषेक यादव, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अक्षय कुमार, राजेश कुमार, राहुल कुमार, ज्योतिष प्रकाश, शशि भूषण, शांतनु आनंद, रंजीत समेत कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वच्छता अभियान के दौरान सभी ने मिलकर यह संदेश दिया कि “स्वच्छता सिर्फ एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जिम्मेदारी है।” इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को प्रेरित करना था कि वे रेलवे परिसर को स्वच्छ और hygienic बनाए रखने में अपना सक्रिय सहयोग दें।
संवाददाता- राहुल सिंह













