लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश भर से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना। सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी और मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी बात सुनी। अधिकारियों के अनुसार कुल 42 से ज्यादा लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री योगी ने सभी नागरिकों से प्रार्थना-पत्र लेकर उन्हें आश्वस्त किया कि किसी की भी समस्या अधूरी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत का निस्तारण निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस और राजस्व से जुड़े मामलों में ढिलाई बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्थानीय स्तर पर ही प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बीमार लोगों को मिलेगी अतिरिक्त मदद
जनता दर्शन में दो ऐसे फरियादी पहुंचे, जिन्होंने गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। दोनों की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें अतिरिक्त आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी मरीज पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहे। उन्होंने फरियादियों से इलाज का अनुमान तैयार करवाकर शासन को उपलब्ध कराने को कहा।
बच्चों से मुलाकात बनी कार्यक्रम की खास झलक
जनता दर्शन में कई लोग अपने छोटे बच्चों के साथ पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों को गोद में उठाया, प्यार किया और चॉकलेट देकर उनका मन भी खुश किया। बच्चों से उन्होंने पढ़ाई में मन लगाकर भविष्य में समाज और देश में अपना नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। इस दौरान माहौल बेहद सौम्य और आत्मीय हो गया।
जमीन, राजस्व और पुलिस मामलों की भरमार
इस बार जनता दर्शन में सबसे ज्यादा शिकायतें जमीनी विवाद, राजस्व संबंधित प्रकरणों और पुलिसिया कार्रवाई से जुड़ी रहीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक मामले पर अधिकारियों को तत्काल निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पीड़ित बार-बार चक्कर न लगाए, बल्कि उसकी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
जनता दर्शन अब यूपी सरकार की जनसुनवाई प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है, जहां मुख्यमंत्री स्वयं आमजन की पीड़ा सुनकर समाधान का रास्ता खोलते हैं। लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि उनकी समस्या का समाधान जल्द होगा।













