वाराणसी। बीते दो दिनों से दिन में धूप निकलने से ठंड में हल्की राहत मिल रही थी, लेकिन रविवार की रात नमी बढ़ते ही मौसम ने करवट ले ली। वाराणसी मौसम विज्ञान केंद्र ने अब शहर सहित आसपास के जिलों के लिए अगले 72 घंटों तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। देर रात और भोर के समय ठिठुरन और अधिक बढ़ने की संभावना जताई गई है।
नवंबर के मध्य के बाद से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। रविवार को सुबह आसमान बिल्कुल साफ था, लेकिन दोपहर होते-होते हवा में नमी इतनी बढ़ी कि धूप का असर फीका पड़ गया। शहर के बाहरी क्षेत्रों और कई गांवों में सुबह हल्का कोहरा भी देखने को मिला।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएँ तेजी से सक्रिय हो रही हैं। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान और नीचे जा सकता है। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर हल्के से लेकर घने कोहरे के हालात बनेंगे और यह स्थिति दिसंबर के शुरुआती सप्ताह तक रह सकती है।
रविवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से लगभग एक डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस रहा। नमी के बढ़ते स्तर और बदलती हवाओं की दिशा के कारण सुबह और शाम ठंड अधिक महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर सुबह और देर शाम वाहन चालकों को कम गति से चलने, फॉग लाइट का प्रयोग करने और सड़क पर उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि कोहरे के कारण दृश्यता अचानक कम हो सकती है।









