डीडीयू नगर। नगर की जर्जर सड़कों और जल जमाव की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बृजेश गुप्ता के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेसजन जायसवाल स्कूल–पथरा–कैथापुर मार्ग पर पहुंचे और पानी से भरे गड्ढों में धान रोपकर अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। इस दौरान नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
दो साल से सड़क बदहाल, राहगीरों को दिक्कत
कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि यह सड़क लगभग दो वर्षों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त पड़ी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं जिनमें बरसात का पानी और नाली का गंदा पानी भर जाने से हालत बद से बदतर हो गई है। आए दिन राहगीर और वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है। अक्सर बच्चे पानी से भरे गड्ढों में गिर जाते हैं जिससे उनकी किताबें और यूनिफॉर्म खराब हो जाती हैं और विद्यालय पहुंचने में देर हो जाती है। वहीं सड़क पर जलभराव के कारण अकसर लंबा जाम लग जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ती है।
चेतावनी दी, बड़ा आंदोलन होगा
बृजेश गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस सड़क को दुरुस्त नहीं कराया गया तो कांग्रेसजन जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे और आवश्यकता पड़ने पर बड़ा आंदोलन भी करेंगे। उन्होंने साफ कहा कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी और इसमें कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेता भी शामिल होंगे।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल
इस मौके पर दयाराम पटेल, शाहिद तौसीफ, विजय गुप्ता, ट्रीजा एलियट, अनवर सादात, नेसार शाह, मुन्नी पटेल, साबिर राइन, हेलेन पैट्रिक, कन्हैया मोदनवाल, रमेश पांडेय, संजय जायसवाल, दिलीप पाल, ऋषि दयाल, जितेंद्र गुप्ता, बिहारी गुप्ता, आशू खरवार, कुंदन गुप्ता, कल्पनाथ खरवार, रामधनी गुप्ता, देवेश महाराज, कल्लू चौरसिया, मोहम्मद इदरीश, अनुज गुप्ता, रमेश यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संवाददाता– संदीप













