जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में जिले में विकास कार्यों को नई रफ़्तार मिल रही है। अधोसंरचना को मज़बूत करने और ग्रामीण इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए राज्य सरकार ने कई परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन्हीं योजनाओं के अंतर्गत अब केराकोना–बैगाटोली मार्ग पर ईब नदी पर उच्च स्तरीय पुल और पहुँच मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस पर कुल 5 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत आएगी।
बरसात में मिलेंगी दिक्कतों से राहत
पुल बनने के बाद क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक बारिश के मौसम में ग्रामीणों को नदी पार करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार बाढ़ की स्थिति में लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ता था। पुल के निर्माण से अब सालभर सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही संभव होगी।
अप्रैल 2026 तक लक्ष्य
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, पुल और पहुँच मार्ग का काम तेज़ी से जारी है। इसे अप्रैल 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण एजेंसी को सख़्त निर्देश दिए गए हैं कि गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं होगा।
जिले में डेढ़ दर्जन से अधिक पुलों को मंजूरी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जशपुर जिले में अब तक डेढ़ दर्जन से अधिक उच्च स्तरीय पुलों की मंजूरी मिल चुकी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर सैकड़ों गाँव सीधे मुख्य मार्गों और बाज़ारों से जुड़ेंगे, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यापारिक गतिविधियों में गति आएगी।
ग्रामीणों में खुशी, जताया आभार
ईब नदी पर पुल निर्माण की शुरुआत से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल उनके जीवन में नई राह खोलेगा और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।









