चंदौली। जनपद में रसोई गैस की किल्लत के बीच उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने के बजाय और बढ़ती जा रही है। गैस एजेंसियों पर मनमानी और तय दर से अधिक पैसे वसूलने के आरोप लगने लगे हैं। बुधवार को बबुरी कस्बा स्थित एक इंडेन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने ओवररेटिंग को लेकर जमकर हंगामा किया।
बताया गया कि सुबह से ही गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतार लगी रही। कई घंटों तक लाइन में खड़े रहने के बाद जब लोगों की बारी आई तो उनसे प्रति सिलेंडर 1000 रुपये मांगे गए। उपभोक्ताओं का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर की निर्धारित कीमत 977 रुपये है, लेकिन एजेंसी के सेल्समैन द्वारा 23 रुपये अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अतिरिक्त पैसे देने का विरोध किया तो उन्हें सिलेंडर न देने की चेतावनी दी गई। मजबूरी में कई लोगों को अधिक कीमत चुकाकर सिलेंडर लेना पड़ा। इससे लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली।
लाइन में खड़े उपभोक्ता सर्वजीत मौर्य ने बताया कि वह काफी देर से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन एजेंसी प्रबंधन द्वारा कुछ प्रभावशाली लोगों को लाइन से हटाकर पहले ही सिलेंडर दे दिया गया। वहीं मो. नसीम अहमद ने आरोप लगाया कि गैस की कमी का फायदा उठाकर खुलेआम ओवररेटिंग की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिलाधिकारी द्वारा पहले ही निर्देश दिया जा चुका है कि कोई भी गैस एजेंसी निर्धारित दर से अधिक पैसे नहीं लेगी। इसके बावजूद इस तरह की वसूली प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी को दर्शाती है।
उपभोक्ताओं ने मांग की है कि पूर्ति विभाग और प्रशासन गैस एजेंसियों की नियमित जांच करे और ओवररेटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
फिलहाल इस मामले में गैस एजेंसी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन घटना को लेकर क्षेत्र में उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।













