वाराणसी। प्रतिबंधित कफ सिरप तस्करी मामले में पहले से पुलिस की रडार पर चल रहे सिरप माफिया अमित टाटा और शुभम जयसवाल का एक नया और चौंकाने वाला कारनामा सामने आया है। वायरल CCTV फुटेज में दोनों की गुंडई साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में अमित टाटा की शह पर शुभम जयसवाल और मंडुआडीह थाने के हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद शाहिद द्वारा एक ऑफिस में घुसकर व्यापार से जुड़े दो कर्मचारियों को बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई करते हुए देखा जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक यह वीडियो कुछ दिनों पुराना है, लेकिन अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुका है। फुटेज ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सिरप माफियाओं का नेटवर्क आखिर कितना मजबूत है और किसके संरक्षण में इतने लंबे समय से बेखौफ चलता आ रहा है।
सबसे बड़ी बात यह है कि शुभम जयसवाल अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जबकि वायरल वीडियो में उसकी सीधी संलिप्तता और सक्रिय भूमिका साफ झलक रही है। इससे स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्रवाई और मॉनिटरिंग पर भी सवाल उठने लगे हैं।
घटना से व्यापारी वर्ग में गहरा रोष है। व्यापारियों का कहना है कि सिरप माफिया लगातार दहशत फैला रहे हैं और ऐसे लोग खुलेआम घूमते हुए व्यापारियों और कर्मचारियों को धमकाते हैं। लोगों ने सवाल उठाया है कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद इस गिरोह का इतना मनोबल आखिर कैसे बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और फुटेज में दिख रहे लोगों की भूमिका पर कार्रवाई तय है। वहीं व्यापारिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी और ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।









