वाराणसी। कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार पर अब वाराणसी पुलिस ने सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगनाओं पर इनाम घोषित कर दिया है। कमिश्नरेट पुलिस ने शैली ट्रेडर्स से जुड़े नेटवर्क का संचालन करने वाले शुभम जायसवाल और रोहनिया कांड के आरोपी महेश सिंह पर 25–25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से लगातार बचते रहे हैं।
कई जिलों में दर्ज मामले, बाहर राज्यों में भी सक्रिय नेटवर्क
आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रहलाद घाट, कायस्थ टोला निवासी शुभम जायसवाल पर वाराणसी के अलावा सोनभद्र, जौनपुर, चंदौली और गाजियाबाद में भी मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि शुभम ने अपनी गतिविधियों को छुपाने के लिए दुबई, कोलकाता, दिल्ली और उत्तराखंड में भी कई ठिकाने बना रखे हैं।
वाराणसी कोतवाली में शुभम, शैली ट्रेडर्स के प्रोपराइटर भोला प्रसाद, और उनके नेटवर्क से जुड़ी 38 फर्मों पर एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी और गंभीर आर्थिक अपराधों में मुकदमे दर्ज हैं।
एसआईटी–एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, कई ठिकानों पर छापेमारी
शुभम को पकड़ने के लिए
- एसआईटी वाराणसी,
- यूपी एसटीएफ,
- एंटी नारकोटिक्स सेल
लगातार संयुक्त दबिश दे रही है। पुलिस ने उसके कई ठिकानों की डिजिटल लोकेशन ट्रैक की है और बाहर राज्यों में भी छापेमारी का दायरा बढ़ाया गया है।
रोहनिया कफ सिरप मामले में गोदाम मालिक पर इनाम
19 नवंबर को रोहनिया के भदवर गांव में एक जिम के नीचे बने गोदाम से भारी मात्रा में कोडीन कफ सिरप बरामद होने के बाद पुलिस ने गोदाम मालिक महेश सिंह को भी मुख्य आरोपी मानते हुए 25 हजार का इनाम घोषित किया है। पुलिस का दावा है कि महेश सिंह इस नेटवर्क का अहम कड़ी है और फरार होने के बाद लगातार जगह बदल रहा है।
अब तक छह गिरफ्तार, कई बड़े नाम अभी फरार
एसटीएफ अब तक शुभम के साझेदार
- अमित सिंह टाटा (जौनपुर)
- आलोक प्रताप सिंह
को गिरफ्तार कर चुकी है।
इसके अलावा पुलिस जिन लोगों की तलाश कर रही है, उनमें शामिल हैं—
- वरुण सिंह
- गौरव जायसवाल
- विशाल मल्होत्रा
- साथ ही खोजवा के
- दिवेश जायसवाल,
- अंकुश सिंह,
- घनश्याम मौर्य
पर भी पुलिस की निगाहें हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
भोला प्रसाद पहले ही जेल में
शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद, जो शैली ट्रेडर्स के मुख्य संचालक माने जाते हैं, को सोनभद्र पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वह इस समय सोनभद्र जेल में निरुद्ध हैं और उनके खिलाफ भी विस्तृत जांच जारी है।













