सोनभद्र। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी और रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 22 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 2.20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 मार्च की रात एसओजी और रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि एक वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आर्यन एकेडमी के पास ग्राम गोरारी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रतीक कुमार उर्फ बंटी (21) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 22 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त था और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और मारपीट जैसे कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









