चंदौली। धानापुर क्षेत्र के सोनहुली घाट पर गंगा नदी में मगरमच्छ देखे जाने से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया है। शुक्रवार की शाम और शनिवार की सुबह लोगों ने गंगा की लहरों के बीच मगरमच्छ को तैरते देखा। मौके पर मौजूद लोगों ने न सिर्फ इसकी सूचना वन विभाग को दी बल्कि वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही तटवर्ती गांवों में दहशत का माहौल बन गया है।
श्रद्धालुओं में खौफ, घाटों पर पहुंचना हुआ मुश्किल
गंगा में इन दिनों स्नान और पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर आते हैं। सोनहुली, कवलपुरा और आसपास के कई घाटों पर रोज सुबह-शाम लोगों की भीड़ लगी रहती है। मगरमच्छ के दिखाई देने के बाद श्रद्धालु घाट पर स्नान करने से कतराने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई महिलाएं और बच्चे रोज गंगा स्नान के लिए आते हैं, लेकिन अब डर के कारण लोग घाट की सीढ़ियों तक नहीं जा पा रहे हैं।
पहले भी दिखा था विशाल मगरमच्छ
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले कवलपुरा गांव के रामजानकी मंदिर घाट पर भी एक विशाल मगरमच्छ दिखाई दिया था। उस समय भी ग्रामीण सहम गए थे और घाट पर पूजा-पाठ करने वालों की संख्या अचानक कम हो गई थी। अब सोनहुली घाट पर मगरमच्छ के दोबारा दिखाई देने से लोगों का डर और बढ़ गया है।
प्रशासन और वन विभाग से गुहार
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। सोनहुली निवासी विशाल कुमार ने बताया कि पिछले कई दिनों से मगरमच्छ घाट किनारे मंडराता हुआ दिखाई दे रहा है। लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से गुहार लगाई है कि मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए।
दहशत का माहौल
शनिवार सुबह जब फिर से मगरमच्छ घाट पर नजर आया तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। कई लोगों ने दूर से ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो के वायरल होने के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम को तुरंत सक्रिय होना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।









