चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित सर्विस रोड पर मंगलवार को श्री बिहारी गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सैकड़ों लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर सड़क तक कतार में खड़े हो गए, जिससे पूरे इलाके में लंबा जाम लग गया।
गैस एजेंसी सड़क किनारे होने के कारण उपभोक्ताओं की लाइन सीधे सड़क तक पहुंच गई। इसके साथ ही कई लोगों ने अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन भी सड़क किनारे खड़े कर दिए, जिससे रास्ता और संकरा हो गया। देखते ही देखते सर्विस रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया।
जाम के कारण दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे और पैदल चलने वालों को भी रास्ता बनाने में मुश्किल हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एजेंसी के बाहर अक्सर इसी तरह की स्थिति बन जाती है, लेकिन व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। मौके पर न तो एजेंसी की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोई व्यवस्था दिखाई दी और न ही प्रशासन की तरफ से यातायात संभालने के लिए पुलिस तैनात की गई।
घटना को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों में नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी को अपने परिसर के अंदर ही उपभोक्ताओं की कतार और वितरण व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न बने और आम लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।









