चंदौली। चहनियां क्षेत्र में चैत्र नवरात्र के शुक्ल पक्ष अष्टमी के अवसर पर अलसुबह से ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां महागौरी के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अष्टमी के दिन माता महागौरी की विधि-विधान से पूजा करने से धन, वैभव और सुख-शांति की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां को सफेद पुष्प, सफेद वस्त्र और नारियल से बने व्यंजन अर्पित किए। साथ ही हलुआ, पूरी, काले चने और नारियल का भोग लगाकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कांवर स्थित मां महरौडी देवी मंदिर के पुजारी स्वामी विष्णु विक्रमाचार्य ने बताया कि जो भी भक्त सच्चे मन से मां की आराधना करता है, माता उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि प्रदान करती हैं।
क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मंदिरों—कांवर मां महरौडी देवी, तरगांव चकिया स्थित मां बगलामुखी भगवती मंदिर, मटियरा विशेषरपुर की मां खाखरा देवी, मारूफपुर मां दुर्गा मंदिर और मथेला मां काली मंदिर—में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हर ओर जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।









