चंदौली। चहनियां बिजली उपकेंद्र से जुड़े महुअर गांव के किसानों पर हर समय खतरा मंडरा रहा है। यहां खेतों के ऊपर से गुजर रहा ग्यारह हजार वोल्टेज का हाइटेंशन तार मात्र पाँच फीट की ऊँचाई पर लटक रहा है। विभागीय लापरवाही के कारण यह स्थिति ग्रामीणों के लिए जानलेवा बन गई है।
- खेतों में नहीं जा पा रहे किसान
- गांव के किसानों का कहना है कि तार की ऊँचाई इतनी कम हो चुकी है कि लोग खेतों में काम करने से डर रहे हैं।
- ट्रैक्टर चलाना, जुताई-बुआई करना और सामान्य कामकाज तक संभव नहीं है।
- कई किसानों की जमीनें तार के नीचे खाली पड़ी हैं, जहाँ वे खेती करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे।
- ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन विभागीय अधिकारी केवल आश्वासन देकर चुप हो जाते हैं।
ग्रामीणों का आक्रोश
किसान काशी नाथ सिंह, बलवंत सिंह, धीरेंद्र सिंह, रमेश सिंह, महेंद्र सिंह, दुर्गा प्रसाद, काली प्रसाद और रामेश्वरी तिवारी ने कहा—
“बिजली विभाग की लापरवाही से कभी भी बड़ी घटना घट सकती है। इतनी कम ऊँचाई पर हाइटेंशन तार लटकना बेहद खतरनाक है। हमने कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।”
प्रशासन से उठाई मांग
ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से तार को मानक ऊँचाई पर करने की मांग की है ताकि किसान निश्चिंत होकर अपने खेतों में काम कर सकें। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो गांव के लोग बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









