प्रयागराज। शहर में बीच बाजार एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है, जहां प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान (47) को बदमाशों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, करेली क्षेत्र के बिस्मिल्ला चौराहे पर बुधवार शाम करीब 6:30 बजे इरफान चाय की दुकान पर बैठे थे। तभी दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे। एक हमलावर बाइक से उतरा और इरफान के पास जाकर सीने पर सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल अवस्था में इरफान को तुरंत एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक का नाम पहले अशरफ से जुड़ चुका है। वहीं, परिजनों ने हत्या का आरोप आसिफ दुर्रानी और उसके भाई पर लगाया है, जो कुख्यात अतीक अहमद गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इरफान और आरोपियों के बीच जमीन के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसे हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच में जुटी हुई है।













