सोनभद्र। सिविल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश के आह्वान पर मंगलवार को जनपद सोनभद्र में डिप्लोमा इंजीनियर्स ने एकजुट होकर 8वें वेतन आयोग की मांग को लेकर ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया। डिप्लोमा इंजीनियर्स ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर अपनी मांगों को मजबूती से रखा।
संघ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, महासचिव के निर्देश पर प्रदेश के सभी जनपदों में एक ही दिन यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। 8वें वेतन आयोग का गठन संगठन के सेवानिवृत्त, दिवंगत एवं वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों के भविष्य से जुड़ा अहम मुद्दा है, जिसको लेकर कर्मचारियों में लंबे समय से असंतोष बना हुआ है।
सोनभद्र मुख्यालय पर अपराह्न 12 बजे से 3 बजे तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में डिप्लोमा इंजीनियर्स शामिल हुए। कर्मचारियों ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन वेतन और भत्तों में उसके अनुरूप सुधार नहीं हो पा रहा है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में 8वें वेतन आयोग का गठन अब समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के समापन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा गया, जिसमें सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की गई। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष विमलेश यादव, पूर्व जनपद अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा, सहायक अभियंता गुरु प्रसाद, जनपद सचिव विनोद कुमार, उपाध्यक्ष विकास तिर्वाशन सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।









