चंदौली। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने निरीक्षण यान ‘परख’ से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से अंकोरहा तक व्यापक चल निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख स्टेशनों, रेल पुलों और तकनीकी बिंदुओं पर रेल अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर रेल अवसंरचना, संरक्षा मानकों, परिचालन व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में सैयदराजा–कर्मनाशा रेल खंड स्थित रेल पुल संख्या 697 के स्ट्रक्चर, ट्रैक कंडीशन एवं फिटिंग्स का बारीकी से परीक्षण किया गया। कर्मनाशा स्टेशन पर स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया। पुसौली स्टेशन सीमा में पॉइंट एवं क्रॉसिंग, थिक वेब स्विच और स्विच सेटिंग डिवाइस की कार्यशीलता का सूक्ष्म अवलोकन किया गया।
बगहा बिशुनपुर स्टेशन क्षेत्र में रेल पुल और समपार संख्या 6 का संरक्षा दृष्टिकोण से निरीक्षण किया गया। अंकोरहा स्टेशन पर रनिंग रूम की व्यवस्थाओं की जांच की गई, जहां बेहतर रखरखाव और अनुशासित संचालन के लिए संबंधित टीम को पुरस्कृत किया गया। इसी स्टेशन पर स्टेशन प्रबंधक कक्ष और क्रू लॉबी की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण हुआ, जहां संतोषजनक व्यवस्था पाए जाने पर दोनों टीमों को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया।
अंत में शिवसागर रोड स्टेशन पर यात्री सुविधा, परिचालन प्रणाली और कार्य संस्कृति का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए रखरखाव की गुणवत्ता और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर निरंतर ध्यान देने के निर्देश दिए।









