नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच आम जनता को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 मार्च से लागू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू गैस सिलेंडर अब 853 रुपये के बजाय 913 रुपये में मिलेगा। कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की रसोई के बजट पर पड़ेगा।
कमर्शियल सिलेंडर भी हुआ महंगा
घरेलू गैस के साथ-साथ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 115 रुपये की वृद्धि हुई है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर 1883 रुपये में मिलेगा, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 1835 रुपये हो गई है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों की लागत बढ़ने की संभावना है, जिसका असर खाने-पीने की चीजों के दाम पर भी पड़ सकता है।
रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने का निर्देश
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत सरकार ने देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सभी सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की तेल रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया है। बताया गया कि यदि अंतरराष्ट्रीय संकट के कारण आपूर्ति प्रभावित होती है तो भी देश में गैस की उपलब्धता बनी रहे, इसके लिए यह कदम उठाया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर घरेलू गैस की कीमतों पर भी पड़ रहा है, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ सकता है।









