वाराणसी। शहर को अतिक्रमण मुक्त करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देश पर मंगलवार शाम आदमपुर थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रहलादघाट से काशी स्टेशन तक सड़क किनारे पटरी पर अवैध रूप से लगी दुकानों को हटवाया गया और नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों दुकानदारों का चालान काटा गया।
आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में आदमपुर चौकी इंचार्ज, तेलियानाला चौकी प्रभारी, महिला सब-इंस्पेक्टर सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अभियान के दौरान सड़क किनारे पटरी, नालियों के ऊपर और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर तत्काल हटवाया गया। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक मार्ग और नालियों पर कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि कई दुकानदारों द्वारा बार-बार चेतावनी के बावजूद पटरी और नालियों पर दुकानें लगाई जा रही थीं, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी और यातायात बाधित हो रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों का मौके पर ही चालान काटा गया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से पटरी दुकानदारों में हड़कंप मच गया। पुलिस को देखकर कई दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें समेटनी शुरू कर दीं और सामान हटाकर पटरी खाली की। कुछ दुकानदारों ने पुलिस से समय देने की मांग भी की, लेकिन पुलिस ने साफ कर दिया कि आगे किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को यह भी चेताया कि यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो केवल चालान ही नहीं, बल्कि सामान जब्ती और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का समर्थन किया और कहा कि अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन जाती थी।
आदमपुर पुलिस का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, पैदल यात्रियों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।













