चंदौली। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित एक भव्य और ऐतिहासिक स्वास्थ्य महाअभियान के दौरान चंदौली जिले के प्रसिद्ध होमियोपैथी चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु पाण्डेय को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट और निःस्वार्थ सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग से आयोजित विशाल हेल्थ कैम्प में प्रदान किया गया, जिसने जनसेवा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है।
सोमवार देर शाम रायपुर स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में देशभर से आए एलोपैथी, होमियोपैथी, आयुर्वेद, डेंटल, कैंसर, नेत्र रोग (ऑप्थैल्मोलॉजी) सहित चिकित्सा की विभिन्न विधाओं के नामचीन चिकित्सकों ने भाग लिया। इस महा आयोजन में लाखों की संख्या में गरीब, असहाय और जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।
शिविर की खास बात यह रही कि मरीजों को केवल दवाइयों और परामर्श तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि एमआरआई, सीटी स्कैन, रक्त जांच, शुगर, बीपी सहित अन्य आवश्यक सभी प्रकार की जांचें पूरी तरह निःशुल्क कराई गईं। इस अभूतपूर्व आयोजन ने उन लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण जगाई, जो आर्थिक तंगी के कारण बेहतर इलाज से वंचित रह जाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान रायपुर की महापौर मीनल चौबे, पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक राजेश मूणत और सांसद व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने डॉ. अभिमन्यु पाण्डेय को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। उन्होंने डॉ. पाण्डेय द्वारा होमियोपैथी के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर सामाजिक कार्यों और गरीब मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता की सराहना की।
डॉ. अभिमन्यु पाण्डेय मूल रूप से चंदौली जिले के निवासी हैं और वर्षों से होमियोपैथी चिकित्सा के माध्यम से मानव सेवा में जुटे हुए हैं। वे न केवल अपने जिले, बल्कि अन्य राज्यों में भी जरूरतमंद और निर्धन मरीजों का निःशुल्क इलाज करते रहे हैं। उनके इसी समर्पण और सेवाभाव के चलते उन्हें इससे पहले भी कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपालों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
जैसे ही डॉ. अभिमन्यु पाण्डेय को रायपुर में यह सम्मान प्राप्त हुआ, चंदौली जिले में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह विशाल स्वास्थ्य महाअभियान न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि देशभर की अन्य राज्य सरकारों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है। यह कार्यक्रम इस बात का सशक्त उदाहरण है कि यदि इच्छाशक्ति और बेहतर प्रबंधन हो, तो इतने बड़े स्तर पर भी स्वास्थ्य सेवाओं को सुनियोजित और प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत, रायपुर की महापौर मीनल चौबे, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।













