वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में सहायक पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात रहे डॉ. ईशान सोनी को पदोन्नति देकर अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने उन्हें अशोक स्तंभ लगाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि डॉ. ईशान सोनी की यह पदोन्नति उनके ईमानदार आचरण, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और लगातार किए गए उत्कृष्ट कार्य का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उच्च पद के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं और ऐसे में नेतृत्व क्षमता, संवेदनशीलता और निर्णय लेने की क्षमता की भूमिका और अहम हो जाती है।
पुलिस आयुक्त ने भरोसा जताया कि डॉ. सोनी अपने अनुभव और प्रशासनिक दक्षता के बल पर जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेंगे तथा पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम के दौरान कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और डॉ. ईशान सोनी को पदोन्नति पर बधाई दी।









