डीडीयू नगर। मुगलसराय के दवा कारोबारी रोहिताश पाल उर्फ़ रोमी की निर्मम हत्या के बाद उत्पन्न जनाक्रोश लगातार बढ़ रहा है। घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसकी गंभीरता मुख्यमंत्री तक पहुंच चुकी है। इसी दबाव के बीच शनिवार को प्रदेश सरकार के मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री संजीव गोंड, अनिल राजभर और दर्शना सिंह ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि रोमी के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाएगी। शाम होते-होते डीआईजी वैभव कृष्णा भी मुगलसराय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे प्रकरण की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
शनिवार दोपहर डीआईजी एसपी आदित्य लांग्हे के साथ जीटी रोड स्थित हत्या स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और उस गली का भी भ्रमण किया जहां से अपराधी वारदात के बाद फरार हुए थे। डीआईजी ने वारदात की परिस्थितियों, संभावित मार्ग, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचनाओं को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। इसके बाद वे रविनगर स्थित मृतक रोहिताश पाल के घर पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से बंद कमरे में लगभग 45 मिनट तक बातचीत की और घटना से जुड़ी अहम जानकारियां लीं।
हत्या के बाद विपक्ष ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। व्यापारियों ने दुकानों को बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है, जो लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। शहरभर में गुस्सा इस कदर है कि लोग मांग कर रहे हैं कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी एक्टिव मोड में है। मामले के खुलासे के लिए एसटीएफ की टीम लगा दी गई है और कई थानों की पुलिस फोर्स को भी तलाश में लगाया गया है।
इधर वरिष्ठ अधिकारियों के सामने व्यापार मंडल विरोध न कर सके, इसके पहले ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मंडल को बुलाकर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी दी और शीघ्र खुलासे का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधि मंडल भी एसपी के आश्वासन पर संतुष्ट दिखाई दिया। हालांकि घटनास्थल पर काम कर रहे कुछ स्थानीय इंस्पेक्टरों की लापरवाही और व्यवहार को लेकर व्यापारी नाराज नजर आए। दवा व्यवसायियों के समर्थन में दुकानें बंद कराई जा रही थीं, तभी इंस्पेक्टर क्राइम चंद्रकेश शर्मा की व्यापारियों से कहासुनी हो गई, हालांकि मौके पर मौजूद अन्य अधिकारियों ने स्थिति को संभाल लिया।
मामले की गंभीरता को भांपते हुए राजनीतिक दल भी सक्रिय हैं। शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी मृतक परिवार से मिलने पहुंचे थे। शनिवार की शाम डीआईजी वैभव कृष्णा ने पॉपुलर मेडिकल से लेकर उस संकरी गली तक पूरे इलाके का निरीक्षण किया, जहां से बदमाश घटनास्थल से भागे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अब तक मिली जानकारियों, जांच की प्रगति और संभावित सुरागों पर विस्तृत चर्चा की।









