सोनभद्र। नशे के सौदागरों पर सोनभद्र पुलिस की सख्ती रंग लाई है। रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में देर रात हुई कार्रवाई में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 25 लाख रुपये कीमत की हीरोइन के साथ दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क में खलबली मच गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम सड़क पर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुख्ता सूचना मिली कि मेहुड़ी–सजौर मार्ग पर दो युवक संदिग्ध हालत में नशीले पदार्थ की डिलीवरी के इंतजार में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए चारों ओर से घेराबंदी कर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान अटल बिहारी यादव (28) और दीपक कुमार भारती (23) को मौके से पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास से 248 ग्राम नाजायज हीरोइन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और कुछ नकदी बरामद हुई। जब्त की गई हीरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चेन और संभावित अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।









