वाराणसी। वाराणसी जोन कार्यालय में प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) के अधिकारी सतीश चन्द्र शुक्ल को अपर पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने पर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्हें नई जिम्मेदारी के प्रतीक चिह्न पहनाकर औपचारिक रूप से बधाई दी गई।
अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोर्डिया ने स्वयं उनके कंधों पर अशोक स्तंभ (पिपिंग) लगाकर सम्मानित किया। उन्होंने शुक्ल की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सेवाएं विभाग के लिए प्रेरणादायक रही हैं।
समारोह में मौजूद अधिकारियों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सतीश चन्द्र शुक्ल मूल रूप से प्रतापगढ़ के निवासी हैं और पदोन्नति से पहले भदोही में पुलिस उपाधीक्षक के रूप में तैनात थे।
हाल ही में जारी पीपीएस अधिकारियों की पदोन्नति सूची में उनका नाम शामिल होने के बाद यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर जोन स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।









