चंदौली। बबुरी कस्बे के बस स्टैंड पर सोमवार की दोपहर उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब मुगलसराय-चकिया मार्ग पर हो रहे चौड़ीकरण कार्य के दौरान एक ट्रक अचानक बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा धड़ाम से टूटकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस वक्त वहां न तो कोई राहगीर मौजूद था और न ही कोई वाहन गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
दर्जनों घरों में बिजली आपूर्ति बाधित
बिजली का खंभा टूटने से बस स्टैंड क्षेत्र के करीब दर्जनों घर अंधेरे में डूब गए। अचानक बिजली गुल होने और सड़क पर खंभा गिर जाने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और नाराजगी जताने लगे।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर ग्रामीणों का आक्रोश
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगातार सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि यदि कार्य सावधानीपूर्वक और मानकों का पालन करते हुए किया जाए तो इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और विभाग ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
हाल ही में हुई थी एक बुजुर्ग की मौत
गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले इसी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के दौरान बबुरी बस स्टैंड पर पेड़ कटाई के समय भी बिजली का खंभा गिर पड़ा था। उस हादसे में खंभे की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था। लगातार हो रही लापरवाही से लोगों में भय और आक्रोश गहराता जा रहा है।
प्रशासन ने माना गलती, कहा मिलेगी सुरक्षा
उपखंड अधिकारी अमर सिंह पटेल ने बताया कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारी पावर हाउस को पूर्व सूचना नहीं देते। अगर वे सूचित करें तो बबुरी पावर हाउस की ओर से लाइनमैन उपलब्ध कराए जा सकते हैं, जिससे किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।









