वाराणसी। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और रात्रिकालीन व कोहरे के समय वाहनों की दृश्यता बढ़ाने के उद्देश्य से वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने एक अहम पहल करते हुए नगर क्षेत्र के ई-रिक्शा चालकों को निःशुल्क रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित कीं। इसके साथ ही ई-रिक्शाओं के आगे, पीछे और साइड में रिफ्लेक्टर टेप भी लगाए गए, ताकि कम रोशनी की स्थिति में वाहन दूर से ही साफ दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
यह कार्यक्रम अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा की उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस मौके पर अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा ने ई-रिक्शा चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि सर्दियों के मौसम में कोहरा, धुंध और कम दृश्यता के कारण सड़क हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में रिफ्लेक्टर जैकेट और टेप ई-रिक्शा चालकों के लिए सुरक्षा कवच का काम करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि अब सभी ई-रिक्शा चालकों के लिए रात्रि और कम दृश्यता की स्थिति में रिफ्लेक्टर जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही ई-रिक्शा पर लगाए गए रिफ्लेक्टर टेप को हटाना, ढकना, नुकसान पहुंचाना या किसी भी प्रकार से छिपाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों और सुरक्षित संचालन से जुड़े विस्तृत निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वाहन चलाने से पहले उसकी दैनिक जांच करना आवश्यक है, जिसमें हेडलाइट, ब्रेक लाइट और इंडिकेटर की कार्यक्षमता शामिल है। बिना कार्यशील हेडलाइट के वाहन चलाना, ओवरलोडिंग करना, गलत दिशा में ई-रिक्शा चलाना, अचानक ब्रेक लगाना, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए ड्राइविंग करना और लापरवाही से वाहन चलाना पूरी तरह वर्जित है।
अधिकारियों ने कहा कि पहले चरण में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चालकों को चेतावनी दी जाएगी, लेकिन यदि लापरवाही दोहराई जाती है तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य सजा देना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं को रोकना और सभी की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने कहा कि ई-रिक्शा शहरी यातायात व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनका सुरक्षित, अनुशासित और नियमों के अनुरूप संचालन ही शहर में सुगम यातायात और सड़क सुरक्षा को मजबूत कर सकता है। उन्होंने ई-रिक्शा चालकों से अपील की कि वे स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ यात्रियों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि किसी भी चालक से रिफ्लेक्टर जैकेट या टेप लगवाने के नाम पर अवैध वसूली की जाती है तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या यातायात पुलिस को दी जाए, ताकि संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने भविष्य में भी सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और जनजागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार जारी रखने की बात कही है। साथ ही सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।













