चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में हुए चर्चित विशाल सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मृतक के बड़े भाई विवेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर भी बरामद किया गया है।
इस मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में किया। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी विवेक सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।
पुलिस के अनुसार विवेक सिंह और विशाल सिंह सगे भाई थे। बड़े भाई होने के कारण पहले घर में विवेक का सम्मान था, लेकिन एक हत्या के मामले में जेल जाने के बाद परिवार में उसकी प्रतिष्ठा खत्म हो गई थी। करीब चार महीने पहले परिवार की एक जमीन 75 लाख रुपये में बेची गई थी, जिसमें तीन हिस्से हुए थे। आरोपी का कहना था कि उसका हिस्सा खर्च हो गया था और उसे हर जरूरत के लिए छोटे भाई विशाल पर निर्भर रहना पड़ता था।
पूछताछ में विवेक सिंह ने बताया कि जब भी वह पैसे मांगता था तो विशाल उसे अपमानित करता था। वह अपने हिस्से की जमीन बेचना चाहता था, लेकिन उसमें भी उसका भाई आपत्ति करता था। इसी बात से नाराज होकर वह कई महीनों से अपने भाई की हत्या की योजना बना रहा था।
आरोपी को यह भी जानकारी थी कि विशाल सिंह ने जमानिया स्थित एचडीएफसी बैंक में लगभग 25 लाख रुपये की एफडी कर रखी है। उसे लालच था कि भाई की मौत के बाद पूरी संपत्ति और पैसा उसी के पास आ जाएगा।
घटना वाले दिन होली के मौके पर उसने काफी शराब पी रखी थी और अगले दिन भी शराब के नशे में था। उसी दिन दोपहर करीब 1:30 बजे विशाल घर के हाल में चौकी पर सो रहा था। तभी विवेक पीछे से आया और उसके सिर के पीछे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की। उसने घर में काम कर रहे दोनों नौकरों को खेत की ओर भेज दिया और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर निकालकर भूसे वाले कमरे में छिपा दिया। बाद में अगले दिन बाइक से जाकर उसने डीवीआर को नहर किनारे एक तालाब में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और डीवीआर बरामद कर लिया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कंदवा थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक राजीव मल्ल, चौकी प्रभारी विजय कुमार राय, स्वाट व सर्विलांस प्रभारी रामजनम यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।













