चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के चकिया-मुगलसराय मार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, भटौली (बिठवल) गांव निवासी नरेंद्र कुमार झा साइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान चकिया की ओर से आ रहे मिट्टी लदे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए ग्रामीणों ने भाग रहे डंपर चालक को पकड़ लिया और शव को सड़क पर रखकर मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर ठोस आश्वासन नहीं देंगे, तब तक जाम समाप्त नहीं किया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर भारी वाहन तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। कई बार शिकायतों और बैठकों के बावजूद हालात में सुधार न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।









