चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुलहीपुर गांव में बुधवार की सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव में रहने वाली 65 वर्षीय वृद्ध महिला चमेला देवी (पत्नी स्व. विजय सिंह) का शव उनके घर में ही रक्तरंजित हालत में मिला। महिला की सिर कूंचकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।
ग्रामीणों के अनुसार पति की मौत के बाद से चमेला देवी घर पर अकेली रहती थीं। बुधवार की सुबह रोजाना की तरह दूध देने आई एक बच्ची ने घर में खून से लथपथ शव देखा और शोर मचाया। देखते ही देखते गांव के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर कोतवाल गगन राज सिंह और इंस्पेक्टर चंद्रकेश शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से जांच पड़ताल शुरू की। शव के पास ईंट और पत्थर बरामद हुए हैं। आशंका है कि इन्हीं भारी वस्तुओं से महिला का सिर कुचलकर हत्या की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे और एएसपी अनंत चंद्रशेखर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों से जानकारी ली और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया।
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी और भय का माहौल है। लोग आशंका जता रहे हैं कि हत्या लूटपाट के इरादे से की गई है, हालांकि पुलिस किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच जारी रखे हुए है।













