गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी आरोपी मोहम्मद जीशान (27) मारा गया, जबकि दो पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान जीशान का साथी गुलफाम अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, जीशान पर हाल ही में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले का आरोप था। 27 फरवरी की सुबह लोनी के अशोक विहार कॉलोनी में सलीम पर सर्जिकल ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला किया गया था, जिसमें उनके गले और पेट पर गंभीर चोटें आई थीं। घायल अवस्था में उन्हें दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जांच में सामने आया कि हमले में जीशान ने अपने भाई गुलफाम के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों मूल रूप से अमरोहा जिले के नंगला चौकी थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि जीशान पिछले कुछ समय से गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में रह रहा था। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों की पहचान कर ली थी।
रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी लोनी इलाके में किसी नई वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख जीशान ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली जीशान के सीने और पेट में लगी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक इटली निर्मित पिस्टल, 14 जिंदा कारतूस, हमले में इस्तेमाल किया गया सर्जिकल ब्लेड (पेपर कटर) और एक बाइक बरामद की है। फरार आरोपी गुलफाम की तलाश के लिए आसपास के जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी कट्टर विचारधारा से प्रभावित थे और सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर विवाद के चलते हमला किया गया था। पूरे मामले की गहन पड़ताल जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।













