रायपुर। केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर बड़ा फैसला लेते हुए डीजल को एक्साइज ड्यूटी से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है, वहीं पेट्रोल पर ₹10 प्रति लीटर की कटौती करते हुए एक्साइज ड्यूटी को घटाकर मात्र ₹3 प्रति लीटर कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय का छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक और आमजन को सीधी राहत देने वाला कदम बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस फैसले का प्रभाव देश के हर वर्ग पर सकारात्मक रूप से पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे न केवल आम उपभोक्ताओं को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत मिलेगी, बल्कि परिवहन लागत कम होने से खाद्य पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी कमी आने की संभावना है। इससे महंगाई पर भी नियंत्रण मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि किसान, श्रमिक, छोटे व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवार इस निर्णय से सबसे अधिक लाभान्वित होंगे। कृषि कार्यों में डीजल की खपत अधिक होती है, ऐसे में डीजल पर एक्साइज ड्यूटी समाप्त होने से किसानों की लागत घटेगी और उनकी आय में सुधार होगा। वहीं, परिवहन क्षेत्र में लागत कम होने से व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक अस्थिरता और ईंधन कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद केंद्र सरकार द्वारा आम जनता को राहत देना एक दूरदर्शी और संवेदनशील निर्णय है। यह कदम दर्शाता है कि सरकार आम नागरिकों की जरूरतों और समस्याओं को गंभीरता से समझती है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की समस्त जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार जनकल्याणकारी फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता, मजबूत नेतृत्व और देशवासियों के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस तरह के फैसले देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। आने वाले समय में इस निर्णय का व्यापक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा और यह देश के विकास को नई गति प्रदान करेगा।













