चंदौली। पीडीडीयू नगर में सोनू किन्नर ने रविवार को ए के शर्मा से वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में मुलाकात कर शहर के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान नई बसी कालोनियों में बिजली के खंभों के विस्तार और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। चेयरमैन ने मंत्री को इन समस्याओं के समाधान के लिए एक पत्रक भी सौंपा।
मुलाकात के दौरान चेयरमैन सोनू किन्नर ने नगर पालिका के नए भवन निर्माण की संस्तुति के लिए नगर विकास मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस पर मंत्री ए के शर्मा ने आश्वासन दिया कि वे नगर पालिका के नए भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम में स्वयं उपस्थित होंगे।
चेयरमैन ने नगर की तेजी से बस रही नई कालोनियों में बिजली के खंभों के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि निवासियों को नियमित विद्युत सुविधा मिल सके। साथ ही शहर में लंबे समय से बनी जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए धन आवंटन की मांग भी रखी गई।
नगर विकास मंत्री ने शहर के समग्र विकास में हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।
इस अवसर पर सभासद पारस यादव, चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद समेत अन्य जनप्रतिनिधि और नगर पालिका से जुड़े लोग भी मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि प्रस्तावित कार्यों को मंजूरी मिलने के बाद नई कालोनियों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा और जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।









