प्रयागराज। जिले में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस के रिसाव के बाद जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। घटना के समय वहां काम कर रहे करीब 20 मजदूरों के मलबे में दबने की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गैस रिसाव के चलते अंदर दबाव बढ़ गया, जिसके बाद यह विस्फोट हुआ। धमाके के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घायलों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए। मौके के वीडियो में मलबे के बीच फंसे लोगों की आवाजें और चीख-पुकार सुनाई दे रही हैं।
बताया जा रहा है कि संबंधित कोल्ड स्टोरेज का संबंध पूर्व विधायक अंसार अहमद से जुड़ा है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और पुलिस, फायर ब्रिगेड व राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बचाव कार्य तेजी से जारी है, जिसमें मलबा हटाकर फंसे मजदूरों को निकालने की कोशिश की जा रही है।
अमोनिया गैस के प्रभाव को देखते हुए आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। यह गैस आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकती है। फिलहाल हताहतों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका है।
प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









