हल्द्वानी। उत्तराखंड के मशहूर यूट्यूबर सौरभ जोशी को 5 करोड़ रुपए की रंगदारी की मांग के साथ जान से मारने की धमकी मिली है। इस सनसनीखेज मामले ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने यूट्यूबर की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, धमकी के पीछे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि धमकी भरे संदेश में रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी।
हल्द्वानी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम को जांच में लगाया है। साथ ही सौरभ जोशी और उनके परिवार की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि सौरभ जोशी यूट्यूब पर अपनी डेली लाइफ व्लॉग्स और क्रिएटिव वीडियोस के लिए काफी मशहूर हैं और उनके करोड़ों सब्सक्राइबर हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस धमकी के पीछे शामिल लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना से यूट्यूबर समुदाय में भी दहशत का माहौल है।









