वाराणसी। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, वाराणसी में 20 जनवरी को छात्राओं के लिए दो सत्रों में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवतियों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना रहा। दोनों सत्रों में करीब 200 छात्राओं ने भाग लेकर निवेश, बचत और भविष्य की वित्तीय योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
कार्यक्रम संस्था प्रमुख डॉ. आसिफ़ ज़ैदी की अध्यक्षता में सेंटर फॉर इन्वेस्टमेंट एजुकेशन एंड लर्निंग एवं मिरइ एसेट्स के सहयोग से आयोजित किया गया। मुख्य प्रशिक्षक अरुण पाठक ने छात्राओं को वित्तीय साक्षरता के मूल सिद्धांतों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सही समय पर सही योजना बनाकर निवेश करने से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं, बल्कि परिवार और समाज में निर्णायक भूमिका भी निभा सकती हैं।
अरुण पाठक ने छात्राओं को भविष्य में शिक्षा, करियर, विवाह और अन्य जरूरतों के लिए संभावित खर्चों का आकलन कर अभी से योजना बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह आय का एक निश्चित हिस्सा अलग रखकर, अपनी जोखिम क्षमता के अनुसार निवेश करना जरूरी है। इस दौरान एसआईपी (SIP) को अनुशासित निवेश का प्रभावी माध्यम बताते हुए “शुभस्य शीघ्रम्” यानी आज ही शुरुआत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने वित्तीय योजना को लेकर सवाल पूछे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। आयोजकों ने बताया कि यह पहल देशभर में चल रहे उस अभियान का हिस्सा है, जिसके जरिए शिक्षित युवतियों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाकर “सुपर वुमन” तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।









