कोरबा। Hanuman Jayanti के अवसर पर निकली शोभायात्रा के दौरान आग से करतब दिखाना भारी पड़ गया और एक बड़ा हादसा हो गया। काली मां का रूप धारण किए एक महिला कलाकार समेत तीन लोग आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में दहशत और चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रजगामार चौकी क्षेत्र के मेन क्लब एरिया में हुआ, जहां हनुमान सेवा समिति द्वारा पूजा-पाठ, भंडारा और शाम को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे और विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई थीं।
शोभायात्रा में Durg से आए 6 से 7 कलाकार भगवान शंकर, हनुमान, दुर्गा और काली माता का रूप धारण कर आग से जुड़े करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान एक कलाकार ने मुंह से पेट्रोल फूंककर आग की लपटें निकालने का प्रदर्शन किया, लेकिन अचानक लपटें अनियंत्रित हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की तेज लपट नीचे बैठी काली मां बनी महिला कलाकार के बालों तक पहुंच गई, जिससे उसके बालों में आग लग गई। आग लगते ही वह घबराकर इधर-उधर भागने लगी। उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य साथी भी आग की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए आग बुझाई और तीनों घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए Bhilai रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि सभी घायल कलाकार दुर्ग जिले के निवासी हैं। हादसे के बाद आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए कार्यक्रम बाधित हो गया। यह घटना धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और जोखिम भरे करतबों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।













