जशपुरनगर। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आपसी विवाद के चलते युवक के साथ मारपीट की गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक 4 मार्च को पार्वती बाई (55) निवासी ग्राम प्रेमनगर केराडीह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा सुनील राम करीब छह माह पहले कांसाबेल थाना क्षेत्र के ढेंगुर जोर गांव की मीरा बाई को प्रेम संबंध के चलते अपने साथ ले आया था और पत्नी की तरह रख रहा था।
रिपोर्ट के अनुसार 1 मार्च को सुनील राम घर लौटा और उसने बताया कि उसकी पत्नी और उसके रिश्तेदारों ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद मीरा बाई अपने रिश्तेदारों के साथ वापस चली गई थी। घटना के दो दिन बाद शाम करीब पांच बजे सुनील राम ने अचानक शरीर में तेज दर्द और प्यास लगने की शिकायत की। परिजनों ने उसे पानी पिलाया और मालिश की, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टर की प्रारंभिक रिपोर्ट में शरीर पर चोट के कारण मौत होना पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 190 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की तलाश कर पांच आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक की पत्नी मीरा बाई ने ही अपने रिश्तेदारों को प्रेमनगर केराडीह बुलाया था। वहां विवाद होने पर सभी ने मिलकर सुनील राम के साथ मारपीट की थी।
गिरफ्तार आरोपियों में मीरा बाई (20), मुनिया बाई (38), मीना बाई (22), पुष्पा बाई (35) और शंकर राम (32) शामिल हैं। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक विवेक भगत, उपनिरीक्षक संतोष तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज, आरक्षक योगेश भगत, राजकुमार भगत तथा महिला आरक्षक अर्चना तिग्गा और मधु मीणा खाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












