चंदौली। लगातार हो रही भारी बारिश से चंद्रप्रभा और गढ़ई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है, जिसके चलते बबुरी क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। करीब एक दर्जन से अधिक गांवों में पानी घुसने से लोगों के घरों और खेतों में भारी नुकसान हुआ है। हालात का जायजा लेने शनिवार को भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने बबुरी क्षेत्र के जगदीशपुर गांव का दौरा किया।
अधिकारियों पर जमकर बरसे राणा प्रताप सिंह
ग्रामीणों की स्थिति देखकर राणा प्रताप सिंह का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा,
“आप लोग सिर्फ फोटो खिंचवाने आते हैं, काम कोई नहीं करता। नदी की सफाई नहीं हो पा रही है। क्या करते हैं आप लोग? अब तो खंभे में बांधकर काम कराना पड़ेगा तभी समझ आएगा।”
उनके तेवर देखकर मौके पर मौजूद अफसरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
गंभीर स्थिति पर जताई नाराज़गी
राणा प्रताप सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सवाल उठाया कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद विभाग कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रुख अपनाने को मजबूर होंगे।
सिंचाई विभाग को दिया सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के चीफ से फोन पर बात की और तुरंत मौके पर निरीक्षण कर राहत कार्य तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी जब तक जमीन पर उतरकर काम नहीं करेंगे, तब तक स्थिति में सुधार संभव नहीं है।
ग्रामीणों ने सुनाई अपनी पीड़ा
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बढ़ते जलस्तर से खेतों में फसलें डूब चुकी हैं और कई घरों में पानी भर गया है। राहत सामग्री या सरकारी मदद अब तक नहीं पहुंची है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत सहायता और राहत शिविर की मांग की।
हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
राणा प्रताप सिंह ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे इस मामले को उच्च स्तर पर उठाएंगे और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहेंगे और ज़रूरतमंदों की मदद करेंगे।













