वाराणसी। कफ सिरप प्रकरण में अपना नाम जोड़े जाने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाने वाले अम्बरीश सिंह भोला ने पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर, उनकी पत्नी नूतन ठाकुर और अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना चौक, वाराणसी में मुकदमा दर्ज कराया है।
अम्बरीश सिंह ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और बिना किसी तथ्यात्मक आधार के आपराधिक आरोप फैलाए गए, जिनसे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और वह मानसिक रूप से आहत हुए। उनका कहना है कि यह प्रयास उनकी सामाजिक छवि धूमिल करने और वैमनस्य फैलाने के उद्देश्य से किया गया।
शिकायत के अनुसार, 30 नवंबर को अमिताभ ठाकुर ने अपने ट्विटर (X) अकाउंट से एक पत्र और वीडियो जारी किया। इसमें स्वयं को “अध्यक्ष” तथा नूतन ठाकुर को “महासचिव” आजाद अधिकार सेना बताया गया था। पोस्ट में अम्बरीश सिंह को एक कथित कफ सिरप आपराधिक प्रकरण से जोड़ते हुए भ्रामक और गलत आरोप लगाए गए। यह सामग्री सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई, जिससे समाज में भ्रम की स्थिति बनी।
तहरीर में यह भी उल्लेख है कि उक्त पोस्ट में एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि और प्रदेश सरकार के मंत्री पर भी आधारहीन आरोप लगाए गए थे। साथ ही, कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा इन सामग्रियों को साझा कर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और वैमनस्य पैदा करने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अमिताभ ठाकुर, नूतन ठाकुर और अज्ञात अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मानहानि, फर्जी साक्ष्य तैयार करने, गलत आरोप लगाने और सामाजिक वैमनस्यता फैलाने समेत कई धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है और डिजिटल साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है।









