वाराणसी। भेलूपुर स्थित आईपी विजया मॉल की कैंटीन में परोसे जा रहे खराब समोसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) हरकत में आ गया। गुरुवार को विभाग की टीम ने कैंटीन में अचानक पहुंचकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की।
निरीक्षण के दौरान टीम ने आलू पेटीज के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। इसके साथ ही रसोई, फ्रिज और स्टोरेज एरिया की पड़ताल की गई, जहां स्वच्छता के मानकों की अनदेखी सामने आई। गंदगी और अव्यवस्था को देखकर एफएसडीए अधिकारियों ने नाराजगी जताई और कैंटीन प्रबंधन को मौके पर ही चेतावनी दी।
कैंटीन के प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 14 दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। अधिकारियों ने साफ किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला अभिहित अधिकारी कौशलेंद्र शर्मा ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन न करने वालों पर विभाग सख्त कदम उठाएगा।
इसी दौरान एफएसडीए की एक अन्य टीम ने मातलदेई बाजार में संचालित एक अवैध मछली मंडी का भी निरीक्षण किया। जांच में मंडी बिना अनुमति के चलती पाई गई, जिस पर संचालक हरिश्चंद्र को तत्काल दुकानें हटाने का निर्देश दिया गया। विभाग ने चेताया कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार चलाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।









