चंदौली। दीपावली पर्व नजदीक आते ही मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। गुरुवार को खाद्य विभाग की टीम ने पीडीडीयू नगर की खोवा मंडी में छापेमारी की, जिससे व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से खोवा के तीन नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केएन त्रिपाठी ने बताया कि हर साल त्योहारों के दौरान खोवा, मिठाइयों और दूध उत्पादों में मिलावटखोरी की आशंका बढ़ जाती है। खपत की तुलना में खोवा का उत्पादन काफी कम होने के कारण व्यापारी मिलावटी पदार्थों का इस्तेमाल करते हैं। इसको देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सतर्कता बढ़ा दी है।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि यदि सैंपल की जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल खोवा मंडी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिलेभर की मिठाई की दुकानों, डेयरियों और थोक बाजारों में लगातार निरीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर अब विभाग की टीमें रोजाना बाजारों का औचक निरीक्षण करेंगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलेवासियों से भी अपील की गई है कि वे मिठाइयां या दूध उत्पाद खरीदते समय उनके रंग, स्वाद और गंध पर विशेष ध्यान दें तथा संदिग्ध खाद्य पदार्थों की शिकायत तुरंत खाद्य विभाग को करें।
त्योहार के मौसम में की गई इस कार्रवाई से पूरे जिले के व्यापारियों में खलबली मच गई है। कई दुकानदारों ने सफाई दी कि उनके यहां शुद्ध खोवा ही बिकता है, वहीं विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।









