जशपुरनगर। वन क्षेत्र में अवैध बोरवेल खनन की सूचना मिलते ही वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और अवैध खनन में लगे दो वाहनों को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
ग्रामीणों द्वारा दूरभाष पर सूचना दिए जाने के बाद वनमंडलाधिकारी शशि कुमार के निर्देशन में वन परिक्षेत्र सन्ना की टीम तत्काल सक्रिय हुई। परिक्षेत्र सहायक तोरा, सन्ना, बीएफओ कामारिमा, चलनी, धनगुरी और बगीचा क्षेत्र के वन अमले ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
जांच के दौरान कक्ष क्रमांक पी-303 में पंचों और गवाहों की मौजूदगी में स्थल निरीक्षण किया गया। मौके पर पाया गया कि वन भूमि के भीतर अवैध रूप से बोरवेल खनन किया जा रहा था, जिससे वन क्षेत्र और जैव विविधता को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका थी। वन अमले ने तुरंत काम रुकवाया और संबंधित लोगों से पूछताछ की।
पूछताछ में वाहन चालक सल्लू राम (ग्राम मनोहरपुर) और गोधन कोमा (ग्राम नर्राटोला, जिला बालौद) ने बताया कि यह कार्य राजेश यादव (ग्राम दातुनपानी) के निर्देश पर किया जा रहा था। वहीं, वाहनों के मालिक के रूप में रमेश जायसवाल (निवासी बिलाईगढ़, जिला बलौदाबाजार) का नाम सामने आया।
वन विभाग ने ट्रक क्रमांक CG22 AF 7660 और CG22 AF 7659 को जब्त कर वन अपराध के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्त वाहनों को वन आवासीय परिसर सन्ना में सुरक्षित रखा गया है।
वन विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन, बोरवेल खनन या अन्य गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित हैं। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वन और वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।













