चंदौली। चकिया वन प्रभाग के सपही जंगल में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लकड़ी कटाई की शिकायत पर पहुंची वन विभाग की टीम पर गांव के लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि लालपुर गांव के पास अवैध रूप से पेड़ों की कटाई और बोटा तैयार किया जा रहा था। रोकने गए वनकर्मियों पर गांव के प्रधान पति प्रदीप उर्फ सोनू ने अपने साथियों संग हमला कर दिया।
हमले में वनरक्षक मोहम्मद आजाद सहित चार वनकर्मी घायल हो गए, जिनमें आजाद के गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग की गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसकी चाबी छीन ली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी मुश्किल से स्थिति पर काबू पाया।
वनरक्षक मोहम्मद आजाद की तहरीर पर प्रधान पति प्रदीप उर्फ सोनू सहित कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि प्रदीप के खिलाफ पहले से ही वन अधिनियम के तहत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विभागीय सूत्रों के मुताबिक वन विभाग अब इस घटना की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करेगा।









