गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके में मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की बदमाशों ने गोली मारकर और चाकुओं से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब साढ़े पांच बजे चार से छह हमलावरों ने राजकुमार चौहान को घेर लिया। पहले उन्हें गोली मारी गई, इसके बाद चाकुओं से कई वार किए गए। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल राजकुमार चौहान जान बचाने के लिए करीब 100 से 300 मीटर तक भागे, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर दोबारा हमला कर दिया। हमलावरों ने सीने, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए और उनकी मौत की पुष्टि करने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्हें तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजकुमार चौहान की उम्र करीब 42 वर्ष बताई जा रही है। वे प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे और चौहान समाज के प्रदेश स्तर के नेता भी बताए जाते हैं। स्थानीय स्तर पर उन्हें भाजपा नेता राधा मोहन अग्रवाल का करीबी माना जाता था। बताया जा रहा है कि वे आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में भी जुटे हुए थे।
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया और हंगामा किया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को 10 थानों की फोर्स बुलानी पड़ी। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को किसी तरह काबू में किया गया।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।









