देवरिया। जिला कारागार में निरुद्ध पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सीने में तेज दर्द और घबराहट की शिकायत होने पर जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।
हालत गंभीर देख जेल प्रशासन ने तत्काल उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक जांच के बाद उनकी स्थिति को चिंताजनक बताते हुए रात करीब दो बजे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई है। फिलहाल पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर को निगरानी में रखा गया है और उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई। वहीं, अमिताभ ठाकुर के परिजनों और समर्थकों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आगे की जानकारी चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर सामने आने की संभावना है।









