गोरखपुर। हत्या के प्रयास के एक मामले में गुलरिहा थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण और थाना गुलरिहा पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा संख्या 178/2026 से संबंधित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 115(2), 117(2) और 191(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में दर्शन चौहान पुत्र झगड़ू चौहान निवासी ददरखांवा थाना चिलुआताल, गौतम चौहान पुत्र पांचू चौहान निवासी ददरखांवा थाना चिलुआताल, करण चौहान पुत्र दीपक चौहान निवासी जंगल महुअवा उर्फ मोहम्मदपुर बीरबहादुरपुर सिंह स्पोर्ट कॉलेज थाना चिलुआताल तथा साहिर उर्फ छोटू पुत्र हीरा चौहान निवासी जंगल महुअवा उर्फ मोहम्मदपुर बीरबहादुरपुर सिंह स्पोर्ट कॉलेज थाना चिलुआताल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को आरोपियों ने एक राय होकर वादी के भाई और उसके दोस्त को जान से मारने की नीयत से मारपीट की थी। इस घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर थाना गुलरिहा में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त गौतम चौहान के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना गुलरिहा और चिलुआताल में दर्ज विभिन्न आपराधिक धाराओं के मामले शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है तथा अन्य संबंधित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।













