बलिया। जनपद के चर्चित आयुष यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार शाम मुख्य आरोपी रोबिन सिंह द्वारा मऊ कोतवाली में आत्मसमर्पण किए जाने के महज सात घंटे बाद ही बलिया पुलिस ने उभांव थाना क्षेत्र के चैनपुर बंधे के पास हुई मुठभेड़ में चार शूटरों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान चारों बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
पुलिस ने मौके से दो कारें, दो मोटरसाइकिलें और एक तमंचा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीतीश यादव निवासी नवादा थाना भीमपुरा, आशीष यादव उर्फ सतीश यादव निवासी बिशनपुर बलेसर, दिलीप यादव उर्फ राका निवासी कटया थाना भीमपुरा और राहुल वर्मा निवासी वार्ड नंबर 5 बेल्थरा रोड के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नीतीश यादव, आशीष यादव और दिलीप यादव ही 13 दिसंबर को बेल्थरा रोड कस्बे में आयुष यादव की गोली मारकर हत्या करने वाले मुख्य शूटर थे, जो सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहे थे।
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ला ने बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता रोबिन सिंह, पवन सिंह और आनंद वर्मा हैं, जबकि राहुल वर्मा ने घटना से पहले और बाद में मुखबिरी का काम किया था।
पुलिस के मुताबिक, रात में उभांव थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चैनपुर बंधे के पास कुछ बदमाश वाहन लेकर इकट्ठा हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की, तभी बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें चार बदमाश घायल होकर पकड़े गए।
पुलिस ने बताया कि पांचवां आरोपी आनंद वर्मा निवासी डुमरी थाना रामपुर मऊ मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश लगातार की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आयुष हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं का पूरा खुलासा किया जाएगा।









