वाराणसी। सलारपुर स्थित पंजाबी अस्पताल में रविवार को खत्री हितकारिणी महासभा के तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 50 जरूरतमंद मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी रहे।
कार्यक्रम के दौरान दवाओं का वितरण वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम कपूर के पुत्र मनीष कपूर द्वारा किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर नेत्र परीक्षण कराया और चिकित्सकों से परामर्श लिया।
इस अवसर पर मेयर अशोक तिवारी ने पंजाबी अस्पताल द्वारा पिछले 47 वर्षों से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल लगातार जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश कर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग टंडन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि नेत्र चिकित्सा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान प्रेरणादायी है।
खत्री हितकारिणी सभा के अध्यक्ष दीपक बहल ने अस्पताल के कार्यवाहक गौतम टंडन को 21 हजार रुपये की धनराशि दान स्वरूप भेंट की। उन्होंने बताया कि डॉ. अनुराग टंडन अब तक 30 लाख से अधिक लोगों की आंखों की जांच कर चुके हैं और करीब डेढ़ लाख मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कर चुके हैं, जो समाज सेवा का बड़ा उदाहरण है।
डॉ. अनुराग टंडन ने बताया कि पंजाबी अस्पताल में प्रतिदिन जनरल ओपीडी और नेत्र ओपीडी संचालित की जाती है, जहां नियमित रूप से मरीजों का इलाज किया जाता है और वे स्वयं भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश जी, समाज के महामंत्री शम्मी खत्री, कोषाध्यक्ष विनीत मेहरा, सुनील मेहरा, डॉ. सत्यनारायण, डॉ. अर्चना नागर, क्षेत्रीय सभासद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में अस्पताल के संस्थापक संरक्षक एवं पूर्व एमएलसी अशोक धवन तथा संरक्षक मुकुंद लाल टंडन ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।













