चंदौली। सरकार द्वारा स्वच्छता अभियान और सेवा स्वच्छता पखवाड़ा चलाए जाने के बावजूद कई स्थानों पर हालात जस के तस हैं। नौदर गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास महीनों से कूड़ा-कचरे का ढेर जमा है। दुर्गंध और गंदगी के कारण विद्यालय में पढ़ाई करने वाले बच्चों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय के आसपास फैली गंदगी से बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। अभिभावकों का कहना है कि कूड़े से उठ रही दुर्गंध के कारण न सिर्फ पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है बल्कि बीमारियों का भी भय बना हुआ है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक तरफ अधिकारी और कर्मचारी स्वच्छ भारत मिशन के तहत रैलियां निकालकर लोगों को जागरूक करने की बातें करते हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर सफाई की कोई व्यवस्था नहीं की जाती। विद्यालय के सामने पड़े कूड़े के ढेर से सरकारी दावों की पोल खुल रही है।
लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बच्चों और ग्रामीणों को गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र की तत्काल सफाई कराने और नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।









