चंदौली। एनसीसी दिवस के अवसर पर चंदौली जिले के सकलडीहा में रविवार को एनसीसी कैडेट्स द्वारा भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व 65 यूपी बटालियन के एडम ऑफिसर कर्नल एस. पूनिया ने किया। सुबह महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, चंदौली से शुरू हुई यह रैली देशभक्ति नारों के साथ सकलडीहा इंटर कॉलेज पहुंचकर सम्पन्न हुई।
रैली के दौरान कैडेट्स ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारे लगाते हुए लोगों को एकता, फिटनेस और जागरूकता का संदेश देते चल रहे थे। रैली में छात्राओं की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिसने कार्यक्रम को और प्रभावशाली बना दिया।
कॉलेज परिसर में हुआ भव्य स्वागत
सकलडीहा इंटर कॉलेज पहुंचते ही प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. राजीव श्रीवास्तव और एनसीसी कैप्टन सत्यमूर्ति ओझा ने कर्नल पूनिया सहित पूरी टीम का स्वागत किया।
कॉलेज गेट पर एनसीसी पायलट कैडेट मंतसा परवीन और रूबी राठौर ने एनसीसी परंपरा के अनुरूप अनुशासन और शिष्टाचार के साथ सभी अतिथियों को अंदर तक एस्कॉर्ट किया।
इसके बाद कॉलेज सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में कर्नल एस. पूनिया को बैज, मोमेंटो और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद कैडेट्स ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कर्नल पूनिया ने दिया मोटिवेशन और करियर मार्गदर्शन
अपने संबोधन में कर्नल एस. पूनिया ने कहा कि एनसीसी न सिर्फ अनुशासन और चरित्र निर्माण का माध्यम है, बल्कि युवाओं के लिए करियर के अनगिनत अवसर भी प्रदान करता है।
उन्होंने कैडेट्स को सेना, एयरफोर्स, नेवी सहित अन्य सुरक्षा बलों में जाने के लिए विभिन्न प्रवेश प्रक्रियाओं की जानकारी दी। कर्नल पूनिया ने कहा—
“एनसीसी का कैडेट हमेशा फिटनेस, ईमानदारी और सामान्य ज्ञान बढ़ाने पर ध्यान रखे। यही गुण उसे भविष्य में एक अच्छा अधिकारी बनाते हैं।”
उन्होंने साइकिल रैली के महत्व पर बोलते हुए कहा कि यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे संदेशों को समाज तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।
वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कैडेट्स रहे मौजूद
इस आयोजन में बटालियन के सूबेदार मेजर तेज गुरुंग, सूबेदार भूपेंद्र सिंह, हवलदार मोबीन आलम, हवलदार दीपेंद्र थापा, अनिल कुमार, विनोद कुमार और संजय शर्मा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कैडेट्स में मिथिलेश कुमार, उज्ज्वल, आदर्श मौर्या, सोनू, राकिब, प्रिया, अभिषेक, अभिजीत, सनी देवल, रतन, अभय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल थे। रैली के दौरान कैडेट्स ने अनुशासन, ऊर्जा और देशभक्ति की मिसाल पेश की, जिसे स्थानीय लोगों ने सराहा।













