वाराणसी। आगामी हज यात्रा को लेकर तैयारियों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में पूर्वांचल हज सेवा समिति की ओर से मदनपुरा स्थित जनता सेवा अस्पताल में मेडिकल फिटनेस, टीकाकरण और प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 266 चयनित हज यात्रियों ने भाग लेकर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं। शिविर का उद्देश्य यात्रियों को स्वास्थ्य की दृष्टि से फिट बनाना और उन्हें हज यात्रा के नियमों व व्यवस्थाओं से अवगत कराना रहा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. गुलरेज़ अहमद और डॉ. राशिद जमाल के मार्गदर्शन में सभी यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की तथा जरूरी टीके लगाए। डॉक्टरों ने यात्रियों को लंबी यात्रा, मौसम परिवर्तन और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्वास्थ्य सुरक्षा के उपाय भी बताए, ताकि सफर के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
शिविर में प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें मास्टर हज ट्रेनर अदनान खान और स्टेट हज इंस्पेक्टर मोहम्मद आज़म शमीम ने ऑडियो-विजुअल माध्यम से हज की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने एहराम बांधने से लेकर मक्का-मदीना में रहने के नियम, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा सावधानियां और अनुशासन संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी दी, जिससे यात्रियों को पूरी यात्रा का स्पष्ट मार्गदर्शन मिल सके।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार हर जायरीन के लिए मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, टीकाकरण प्रमाण-पत्र और ट्रेनिंग सर्टिफिकेट अनिवार्य है। इसी मानक के अनुसार इस शिविर में सभी दस्तावेजों की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।
कैंप के दौरान यात्रियों को मेडिकल किट, पिट्ठू बैग और दुआ की पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं, ताकि वे अपनी यात्रा के दौरान आवश्यक वस्तुएं साथ रख सकें। शिविर में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में सहयोग दिया और बुजुर्ग यात्रियों की विशेष सहायता की गई।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश हज कोऑर्डिनेटर अरमान अहमद, समिति अध्यक्ष रईस अहमद, हाजी जुबैर, हाजी अब्दुल अहद, तारिक हसन, अहमद अली, डॉ. अमीन, तलत महमूद, अयाज़, कमालू, वैस अख्तर, अख्तर हुसैन सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने यात्रियों की हर जरूरत का ध्यान रखा।
समिति ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे चरणबद्ध कैंप आयोजित किए जाएंगे, ताकि वाराणसी और आसपास के जिलों के सभी हज यात्री समय रहते स्वास्थ्य, दस्तावेज और प्रशिक्षण से जुड़ी तैयारियां पूरी कर सकें और पवित्र यात्रा के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।













